सहरसा | 09 अप्रैल 2026 | मो. ज़ियाउद्दीन, जिला संवाददाता
जिला पदाधिकारी सहरसा की अध्यक्षता में जिले में रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता एवं सिटी गैस पाइपलाइन (PNG) के विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में तीनों तेल कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, जिले की गैस वितरण एजेंसियों के संचालक, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं सिटी गैस के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान सिटी गैस पाइपलाइन विस्तार में आ रही बाधाओं पर विशेष चर्चा की गई। रेलवे से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए आवश्यक राशि अब तक जमा नहीं किए जाने पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए Indian Oil Corporation (IOCL) के प्रतिनिधि को तत्काल राशि जमा करने का सख्त निर्देश दिया। वहीं, लाइसेंस से जुड़ी बाधाओं को 24 घंटे के भीतर दूर करने को कहा गया। सिटी गैस प्रतिनिधियों ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने राशि जमा कर दी है, उनके घरों में कनेक्शन देने का कार्य तेजी से चल रहा है।
LPG सिलेंडर वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में कुल 18,182 बुकिंग लंबित हैं। कंपनीवार आंकड़ों के अनुसार इंडेन में 8,291, एचपी गैस में 7,387 तथा भारत गैस में 2,504 बुकिंग पेंडिंग हैं। जिला पदाधिकारी ने इन लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
खराब प्रदर्शन करने वाली एजेंसियों पर भी सख्ती दिखाई गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिदिन प्राप्त होने वाले सिलेंडरों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए और गोदाम में कोई भी स्टॉक लंबित न रहे। शहर की ‘स्मार्ट इंडेन’ एजेंसी को विशेष रूप से चेतावनी देते हुए वेंडरों की संख्या बढ़ाने और वितरण में सुधार लाने का निर्देश दिया गया। अन्यथा संबंधित तेल कंपनी को कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
इसके अलावा सभी वितरकों को निर्देश दिया गया कि वे ‘बैकलॉग डेज’ को न्यूनतम स्तर पर लाएं ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी नियमित रूप से वितरण केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे।