शादी के ढाई माह बाद उजड़ गया सुहाग !
खिज़र अहमद : नजीबाबाद।
थाना नजीबाबाद क्षेत्र के ग्राम लुकादड़ी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पति समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पूना स्थित शांति नगर निवासी शहनाज खलील शेख ने थाना नजीबाबाद में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री गुलनाज खलील शेख का विवाह 21 अप्रैल 2026 को ग्राम लुकादड़ी निवासी मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद यामीन के साथ हुआ था। विवाह में अपनी हैसियत के अनुसार जेवर, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, बिजली का सामान तथा दो लाख रुपये नकद दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मोहम्मद आसिफ, ससुर मोहम्मद यामीन, जेठ मोहम्मद जावेद, ननद शाहना तथा अन्य परिजन शाइस्ता और शबाना कम दहेज का ताना देकर विवाहिता के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न करते थे। मायके पक्ष का आरोप है कि आरोपी दहेज में कार की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर गुलनाज को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
तहरीर में कहा गया है कि 6 जुलाई 2026 को सभी आरोपियों ने कथित रूप से गुलनाज के साथ मारपीट की और उसे जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की मां का कहना है कि जब भी वे बेटी से मिलने जाती थीं, वह अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की जानकारी देती थी। घटना के गवाह के रूप में मृतका के पिता खलील शेख का भी उल्लेख किया गया है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।