Live Date Time

LOKTANTRA KI SHAN

Hindi NewsPaper

स्कूल परिसर में चल रहे नशे के कारोबार का खुलासा

208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप सहित आल्टो कार जप्त, आरोपी गिरफ्तार,

(ऋचा पाण्डेय ब्यूरो प्रमुख) लोकतंत्र की शान सीधी।

पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली एवं जमोड़ी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बड़ी कार्यवाही करते हुए स्कूल परिसर में संचालित नशे के कारोबार का पर्दाफाश किया गया है। विशेष अभियान के तहत कार्यवाही जिला कलेक्टर सीधी एवं पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा स्कूल, कॉलेज एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे की बिक्री एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गजराज स्कूल परिसर के आसपास कुछ युवक अवैध नशीली कफ सिरप का विक्रय कर रहे हैं तथा स्कूल परिसर स्थित कमरों में भारी मात्रा में नशीली कफ सिरप छिपाकर रखी गई है। सूचना पर थाना कोतवाली एवं जमोड़ी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा गजराज स्कूल परिसर में दबिश दी गई। मौके से अमन सिंह चौहान पिता जीतेन्द्र सिंह चौहान उम्र 25 वर्ष निवासी अमरवाह थाना जमोड़ी जिला सीधी को पकड़ा गया, जो स्वयं को गजराज स्कूल का डायरेक्टर बताता है। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी स्कूल भवन एवं कमरों का उपयोग अवैध नशे के कारोबार के लिए स्टोर रूम एवं नशे के अड्डे के रूप में कर रहा था। आरोपी स्कूल परिसर में बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप छिपाकर रखता था तथा समय-समय पर अपने साथियों के साथ आल्टो कार से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ले जाकर बिक्री करता था।

बाक्स

208 शीशी नशीली कफ सिरप एवं वाहन जप्त

पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे की आल्टो कार क्रमांक एमपी 18 सीए 2926 एवं स्कूल परिसर स्थित कमरों की तलाशी लेने पर कुल 208 शीशी अवैध नशीली कफ सिरप बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 52 हजार रुपये है। जप्त कफ सिरप के संबंध में आरोपी से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने अवैध नशीली कफ सिरप के साथ परिवहन में प्रयुक्त आल्टो कार भी जप्त कर ली है। पूछताछ के दौरान आरोपी अमन सिंह चौहान ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अवैध नशे का सिंडिकेट संचालित करता था। आरोपी द्वारा अन्य सहयोगियों आशू केवट, प्रिंस मिश्रा, अम्बिकेश सिंह गोंड, नवीन नामदेव एवं अमन सोधिया के नाम भी बताए गए हैं, जिनकी तलाश जारी है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट एवं 5/13 मप्र ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

बाक्स

स्कूल की मान्यता समाप्त करने कार्यवाही प्रस्तावित

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए स्कूल जैसी संस्था की आड़ में अवैध नशे का व्यापार संचालित किए जाने पर संबंधित स्कूल की मान्यता समाप्त करने हेतु भी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी ने कहा कि स्कूल एवं शैक्षणिक संस्थान बच्चों के भविष्य निर्माण के केंद्र होते हैं। ऐसी संस्थाओं की आड़ में नशे का अवैध कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीधी पुलिस जिले में नशे के विरुद्ध लगातार कठोर अभियान चला रही है और आगे भी ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को ऐसे संस्थानों से दूर रखें तथा यदि कहीं भी स्कूल, कॉलेज या अन्य स्थानों पर इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सीधी पुलिस सदैव विद्यार्थियों एवं युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है। उक्त कार्यवाही में थाना कोतवाली एवं जमोड़ी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।



LKSTV ki website के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

HINDI THE DAILY NEWSPAPER LOKTANTRA KI SHAN (LKSTV)

आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *