सहरसा | 09 अप्रैल 2026 | मो. ज़ियाउद्दीन, जिला संवाददाता
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज राष्ट्रीय पोषण मिशन के अंतर्गत पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति में पोषण से जुड़ी गतिविधियों को जन-आंदोलन के रूप में संचालित करने पर बल दिया गया।
इस वर्ष पोषण पखवाड़ा के तहत पाँच प्रमुख उद्देश्यों को निर्धारित किया गया है। इनमें माता एवं शिशु के समुचित पोषण पर विशेष ध्यान देते हुए संतुलित आहार सुनिश्चित करना, 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के मस्तिष्क विकास के लिए प्रारंभिक प्रोत्साहन देना, 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना, बच्चों के स्क्रीन टाइम को कम करने में अभिभावकों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को मजबूत बनाने के लिए सामुदायिक सहयोग बढ़ाना शामिल है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों—आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग एवं कल्याण विभाग—को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही पोषण अभियान के डैशबोर्ड पर प्रतिदिन लक्ष्य के अनुरूप आंकड़ों की प्रविष्टि करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, निदेशक डीआरडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक पदाधिकारी सहित सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।