अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार, पटना के निर्देशानुसार जवाहर विकास भवन, सहरसा में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार उपस्थित रहे। उनके आगमन पर कुमारी पुष्पा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), सहरसा द्वारा पौधा भेंटकर औपचारिक स्वागत किया गया।
इसके बाद वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी द्वारा दी गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार ने केक काटकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत की।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उप विकास आयुक्त ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज में महिलाओं की भागीदारी और सम्मान सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के समापन के तहत उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें उप विकास आयुक्त द्वारा पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन, सहरसा, वन स्टॉप सेंटर तथा पालनाघर, समाहरणालय परिसर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समन्वय सुश्री काजल चौरसिया, जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, सहरसा द्वारा किया गया, जबकि नोडल पदाधिकारी के रूप में कुमारी पुष्पा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज तक पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।