Live Date Time

LOKTANTRA KI SHAN

Hindi NewsPaper

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में विभिन्न कार्यक्रमों में की शिरकत।

केरल का आपसी भाईचारा पूरे देश के लिए मिसाल, यही भारत की आत्मा- प्रियंका गांधी….

नई दिल्ली, 27 फरवरी

कांग्रेस महासचिव और वायनाड से लोकसभा सांसद श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि केरल का आपसी भाईचारा पूरे देश के लिए एक मिसाल है।

कांग्रेस महासचिव शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने कलिकावु सर्विस कोऑपरेटिव बैंक की कोऑपरेटिव लैबोरेटरी का उद्घाटन किया, थिरुवम्बाडी के कैथापोयिल में एमईएस फातिमा रहीम सेंट्रल स्कूल के सिल्वर जुबली समारोह का शुभारंभ किया और उसके मॉन्टेसरी ब्लॉक की नींव रखी। साथ ही उन्होंने नीलाम्बुर के कुम्बारा गांव का दौरा भी किया।

पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि लोगों को अपनी बात रखने और अभिव्यक्त करने की पूरी आज़ादी मिलनी चाहिए। लेकिन वर्तमान समय में जिस तरह का माहौल बनता जा रहा है, जिसमें गुस्सा, कटुता और आपसी नफरत बढ़ रही है, ऐसे में रचनात्मक और सकारात्मक प्रयासों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य होने चाहिए जो समाज में खुशी, शांति, प्रेम और जनकल्याण को बढ़ावा दें।

केरल की धर्मनिरपेक्षता और उसके सामाजिक परिवेश पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वह केरल के लोगों की प्रशंसक हैं। उन्होंने कहा कि वायनाड से सांसद बनने से पहले उन्हें यहां के समाज को इतने करीब से देखने का अवसर नहीं मिला था। उन्होंने कहा कि वायनाड में विभिन्न समुदायों के लोग जिस तरह मिल-जुलकर रहते हैं, एक-दूसरे के त्योहार मनाते हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे की मदद करते हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने विशेष रूप से चूरलमाला-मुंडक्कई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय यह मायने नहीं रखता था कि कोई किस धर्म या जाति से है। सभी लोग एकजुट होकर एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आए और आज भी सहयोग कर रहे हैं।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यही भावना वास्तव में भारत की आत्मा है और केरल की विशेष पहचान भी। उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरणों को पूरे देश के सामने लाया जाना चाहिए, ताकि अन्य राज्यों के लोग भी इनसे प्रेरणा ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *