बाराबंकी। जनपद के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक बड़ी बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 11 वर्षीय छोटी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
गुरुवार दोपहर को मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गाँव में 11 वर्षीय बालिका का शव गेहूँ के खेत में मिला था। बालिका के गले पर खरोंच के निशान पाए गए थे। इस घटना के बाद पूरे गाँव में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार को गाँव में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) तैनात की गई।
हत्या का कारण: ‘राज’ खुलने का डर
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) विकास चंद्र त्रिपाठी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि:
मृतक बालिका ने अपनी बड़ी बहन और उसके प्रेमी शुभम उर्फ शोभाराम चौहान को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था।
बालिका ने इस बात की जानकारी अपने पिता को देने की बात कही थी।
भेद खुलने के डर से बड़ी बहन और उसके प्रेमी ने मिलकर बालिका का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी बहन और उसके प्रेमी (निवासी ग्राम लोदियनपुरवा) को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
अंतिम संस्कार: शुक्रवार शाम चार बजे पोस्टमार्टम के बाद जब बालिका का शव गाँव पहुँचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस की मौजूदगी में शाम पाँच बजे कड़ी सुरक्षा के बीच बालिका का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया
सी ओ जगतराम कनौजिया, थानाध्यक्ष मोहम्मदपुर खाला, चौकी इंचार्ज बेलहरा, चौकी छेदा समेत तमाम पुलिस अहलकार मौजूद रहे